
राजकुमार / हरिद्वार / बहादराबाद। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के अंतर्गत कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 14 लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि 03 वाहनों को सीज किया गया है।
मुख्यालय स्तर से संचालित ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद हरिद्वार के निर्देशानुसार सार्वजनिक स्थानों, होटल-ढाबों एवं सड़क किनारे शराब पीकर हुड़दंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में रविवार 03 मई को बेगमपुर इंडस्ट्रियल क्षेत्र में महिलाओं पर फब्तियां कसने की शिकायतों के बाद बहादराबाद पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों और शराब की दुकानों के आसपास हुड़दंग कर रहे 14 लोगों को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए ₹7,000 का संयोजन शुल्क वसूला। साथ ही मौके पर 03 वाहनों को भी सीज किया गया।
पुलिस ने आरोपियों को सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और हुड़दंग करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
