
शिवराज यादव / हरिद्वार। जनपदवासियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जन सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों से संबंधित 55 शिकायतें एवं ऑनलाइन के माध्यम से 15 समस्याएं दर्ज कराई गई, कुल 70 शिकायतें दर्ज की गई, जिसमें से 32 समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया शेष समस्याओं को निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
जनसुनवाई कार्यक्रम में राजस्व, भूमि, विवाद, विद्युत, राशन, अतिक्रमण, जल भराव, पेयजल आदि से संबंधित समस्याएं दर्ज कराई गई।
जनसुनवाई कार्यक्रम में शिकायतकर्ता सचिन वर्मा निवासी न्यू विष्णु गार्डन में नगर निगम की सरकारी भूमि पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध कब्जा कर डेयरी संचालन एवं गंदगी फैलाने का कार्य किया जा रहा है, प्रार्थी ने जांच कर कब्जा हटवाए जाने को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। प्रार्थी सतवीर सिंह ने अपनी भूमि खाता संख्या 581 के खसरा नंबर 142 क रकबई 0.0200 हेक्टर एवं खसरा नंबर 143 ख रकबई 0.0200 हेक्टर जो ग्राम अहमदपुर ग्रांट परगना ज्वालापुर की भूमि को आसपास के काश्तकारों ने मेड तोड़कर भूमि का कुछ भाग दबा लिया है। भूमि की पैमाईश कराकर निशानदेही कराने को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। जिला पंचायत सदस्य औरंगाबाद विमलेश देवी ने गांव औरंगाबाद में पिछले दो-तीन महीने से विद्युत मात्र 10-12 घंटे ही आ रही है, जिस कारण किसानों को गर्मी का कारण खेतों में पानी की सिंचाई में परेशानी आ रही है, उन्होंने विद्युत कटौती को बंद कराने को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। प्रार्थी प्रदीप कुमार धीमान द्वारा बताया गया कि 31 मई 2025 को राजकीय प्राथमिक विद्यालय भगतनपुर आबिदपुर बहादराबाद से सहायक अध्यापक के पद से सेवानिवृत हो गया था, किंतु अभी तक पेंशन मिलनी शुरू नहीं हुई है, पेंशन जल्द दिलाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। प्रार्थी पंकज कुमार ने रोहालकी किशनपुर बहादराबाद, ग्राम सभा पर पड़े कूड़े-कचरा एवं अवैध गोबर हटवाने को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। समस्त किसान अतमलपुर बौंगला, शांतरशाह एवं खेड़ली ने वन गुजरों के द्वारा किसानों की फसल को नुकसान पहुंचाने एवं सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। प्रार्थी सचिन चौहान ने द्वारिका विहार कॉलोनी सलेमपुर में पानी की निकासी न होने के कारण सड़क एवं कॉलोनी में होने वाले जलभराव की समस्या से निदान दिलाने को लेकर शिकायती पत्र दिया।जनपद के 25 ग्राम पंचायतों में बनाए गए मिनी सचिवालयों में ऑनलाइन के माध्यम से दर्ज कराई गई ग्रामीणों की समस्या, जिसमें ग्राम प्रधान दुधला दयालवाला यशपाल सिंह ने एनएचएआई के द्वारा ग्राम दुधला दयालवाला के कोई बोर्ड हाईवे पर नहीं लगाया गया है, उन्होंने ग्राम पंचायत को एनएचएआई हाईवे पर बोर्ड लगवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया साथ ही सिंचाई विभाग को ग्राम दुधला दयालवाला में गंगा किनारे तटबंध बनाए जाने को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। समस्त ग्रामवासी ने गोरधनपुर में स्थित उच्चतर प्राथमिक विद्यालय गोरधनपुर में जलभराव की समस्या को लेकर प्रार्थना पत्र दिया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुनवाई में जनता द्वारा जो भी समस्याएं दर्ज कराई जा रही हैं उन समस्याओं को त्वरित एवं समयबद्धता के साथ निराकरण करना सुनिश्चित करें, इसमें किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही एवं शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए, शिथिलता बरती जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक करवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन शिकायतों पर स्थलीय निरीक्षण किया जाना है संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का समाधान करना सुनाश्चित करें।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी शिकायतें जनसुनवाई में दर्ज हो रही हैं उनको सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करना सुनाश्चित करें।
सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का शीघ्र प्राथमिकता से निस्तारण करना सुनाश्चित करे संबंधित अधिकारी…
बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज समस्याओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए है कि सीएम हेल्प लाइन में जो भी शिकायते दर्ज की जा रही हैं, उनको सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ निरंकरण करना सुनिश्चित करें, उन्होंने निर्देश दिए कि 36 दिन से अधिक जो भी शिकायतें लंबित हैं उनका तत्परता से निराकरण करना सुनिश्चित करें। जिसमें एल 01 पर 591 शिकायतें तथा एल 02 पर 111 शिकायतें निस्तारण हेतु लंबित हैं, जिन्हें शीघ्र निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए साथ ही शिकायतकर्ता से सिस्टम के माध्यम से फोन पर वार्ता करें।
बैठक मे अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, मुख्य चिकित्साधिकारी आर.के. सिंह, अपर उप जिलाधिकारी रुड़की हरि गिरि, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रा.शि.) अमित कुमार चन्द, जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला अर्थ संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, अधिशासी अभियंता लोनिवि दीपक कुमार, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सरिता पंवार सहित जिला स्तरीय सम्बन्धित अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।
