
शिवराज यादव / हरिद्वार / रानीपुर। ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कोतवाली रानीपुर पुलिस ने एक नशा तस्कर को 12.08 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 36 हजार रुपये है। आरोपी के कब्जे से स्मैक बिक्री से प्राप्त ₹1,200 की नकदी, एचएमडी कंपनी का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी संख्या UK08BJ/1631 भी बरामद की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में 13 सितंबर 2026 को रानीपुर पुलिस टीम बंदा नंबर-9, सुमननगर तिराहा पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सलेमपुर की ओर से आ रही एक्टिवा को रोककर चालक मुन्तहिर पुत्र शहीद, निवासी ग्राम गढ़ नंबर-01, पोस्ट मीरपुर, थाना रानीपुर, हरिद्वार, उम्र 44 वर्ष को पकड़ा गया। तलाशी में उसके कब्जे से 12.08 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह रहमतपुर निवासी एक महिला से स्मैक लेकर आया था और उसे बेचने जा रहा था। आरोपी के अनुसार वह कुछ स्मैक बेच चुका था, जिससे उसे ₹1,200 प्राप्त हुए थे। मामले में कोतवाली रानीपुर में मु.अ.सं. 319/2026 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में सामने आई महिला की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है और उसकी तलाश में सुरागरसी-पतारसी की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मु.अ.सं. 415/2025, धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट, थाना रानीपुर में मुकदमा दर्ज है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी, चौकी प्रभारी सुमननगर उपनिरीक्षक पुनीत दनौसी, उपनिरीक्षक पूजा पाण्डेय, कांस्टेबल महेन्द्र तोमर और कांस्टेबल हरीश राणा शामिल रहे।
