
राजकुमार / हरिद्वार। कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस ने रेलवे स्टेशन गेट नंबर 04 पर फायरिंग कर महिला को घायल करने के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने दोस्तों और यात्रियों के बीच प्रभाव जमाने तथा दहशत पैदा करने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग की थी। मामले में फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें रवाना की गई हैं।
पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर 2026 को रेलवे स्टेशन गेट नंबर 04 के पास कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा फायरिंग की गई थी। इस दौरान एक छर्रा शिकायतकर्ता सुभाष की पत्नी के दाहिने पैर में लग गया, जिससे वह घायल हो गईं। मामले में 11 सितंबर को सुभाष पुत्र जयपाल, निवासी ऋषिकुल चौक, हरिद्वार की तहरीर पर कोतवाली नगर हरिद्वार में मु.अ.सं. 505/2026, धारा 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस की सुरागरसी-पतारसी के दौरान 12 सितंबर 2026 को सौरभ कुमार, शिवम और प्रवेश गुप्ता को टिबड़ी जाने वाली रोड पर रेलवे कॉलोनी जाने वाले तिराहे के पास कच्चे रास्ते से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी प्रवेश गुप्ता के कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में प्रवेश गुप्ता के खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि रेलवे स्टेशन गेट नंबर 04 के पास चाय की ठेली पर उनका विवाद हुआ था। इसी दौरान प्रवेश गुप्ता ने अपने पास मौजूद पिस्टल से डराने के उद्देश्य से करीब छह-सात छर्रे हवाई फायर किए। इनमें से एक छर्रा शिकायतकर्ता की पत्नी के पैर में लग गया था। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों को समय से माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जबकि फरार दो अन्य की तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ कुमार पुत्र मुकेश कुमार, निवासी ग्राम सिमली, माल गोदाम रोड, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार, उम्र 19 वर्ष; शिवम पुत्र रमेश, निवासी सिमली, माल गोदाम रोड, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार, उम्र 19 वर्ष; तथा प्रवेश गुप्ता पुत्र संजीव गुप्ता, निवासी ग्राम संवायजपुर, जिला हरदोई, उत्तर प्रदेश, उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 12 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस टीम में व.उ.नि. गोपाल दत्त भट्ट, उ.नि. ऋषिकांत पटवाल, अ.उ.नि. सुल्तान तोमर, कां. परवेन्द्र सिंह रावत, कां. वीरेन्द्र सिंह, कानि. जसवीर और कानि. सचिन पाण्डे शामिल रहे।
