
शिवराज यादव / हरिद्वार। जिला सैनिक परिषद की तृतीय त्रैमासिक बैठक शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में श्री गोविंद बल्लभ पंत सभागार, रोशनाबाद में आयोजित हुई। बैठक में पूर्व सैनिकों, सैनिक विधवाओं, ब्लॉक प्रतिनिधियों तथा पूर्व सैनिक कल्याण समिति लालढांग के पदाधिकारियों ने विभिन्न समस्याएं उठाईं।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर डॉ. सरिता पंवार (सेवानिवृत्त) ने बैठक का संचालन करते हुए पिछली त्रैमासिक बैठक में उठाए गए बिंदुओं और उन पर हुई कार्रवाई की जानकारी दी। बैठक में शहीद स्मारक के लिए भूमि चिन्हीकरण, लालढांग बाजार से अतिक्रमण हटाने, पूर्व सैनिक की पत्नी का नाम अभिलेखों में दर्ज कराने, अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई, बिजली कटौती और घर-घर जलापूर्ति जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इसके अलावा चकरोड़ से अतिक्रमण हटाने तथा वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए संबंधित थानों में बैठक आयोजित करने का मुद्दा भी उठाया गया। अध्यक्ष ने संबंधित विभागों और जिला सैनिक कल्याण कार्यालय को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्व सैनिकों से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किए जाने का आश्वासन दिया।
बैठक के अंत में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी डॉ. सरिता पंवार ने सभी अतिथियों और उपस्थित पूर्व सैनिकों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय हरिद्वार के सभी कार्मिक मौजूद रहे।
