
शिवराज यादव / हरिद्वार / मंगलौर। कोतवाली मंगलौर क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामले में आरोपी के परिजनों पर भी गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग के परिजन की ओर से कोतवाली मंगलौर में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मोहल्ला किला मंगलौर निवासी युवक सायन पुत्र तनवीर उनकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि वहां उसने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। शिकायत में आरोपी के परिजनों पर भी गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया।
शिकायत प्राप्त होने के बाद कोतवाली मंगलौर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए आरोपी युवक सायन पुत्र तनवीर निवासी मोहल्ला किला मंगलौर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में पोस्को एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक नितिन बिष्ट, कांस्टेबल मनदीप नेगी और पीआरडी जितेंद्र शामिल रहे।
