
शिवराज यादव / हरिद्वार / भगवानपुर। पुलिस को गोली चलाने और जानलेवा हमले की झूठी सूचना देकर गुमराह करने के मामले में भगवानपुर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महज कुछ ही समय में झूठी सूचना की पोल खोल दी।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि गागलहेड़ी रोड पर मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने कॉलर पर गोली चलाने का प्रयास किया है। सूचना मिलते ही कोतवाली भगवानपुर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
मौके पर पुलिस को कॉलर शुभम शर्मा पुत्र चन्द्रमणि शर्मा, निवासी हाल सम्राट कॉलोनी, थाना भगवानपुर, जनपद हरिद्वार मिला। पुलिस को कॉलर के नशे में होने का आभास हुआ। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
पुलिस ने कॉलर द्वारा बताए गए घटनाक्रम और सीसीटीवी व अन्य तकनीकी साक्ष्यों का मिलान किया तो उसके बयान में कई विरोधाभास सामने आए। इसके बाद पुलिस ने शुभम शर्मा से सख्ती से पूछताछ की।
पूछताछ में शुभम ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। उसने पुलिस को बताया कि वह गागालेड़ी रोड से अपने कमरे की ओर जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उससे रास्ता पूछा। इसके बाद किसी बात को लेकर युवकों से उसकी कहासुनी हो गई। इसी बात से गुस्से में आकर उसने डायल-112 पर गोली चलाने की झूठी सूचना दे दी।
पुलिस ने झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के मामले में शुभम शर्मा को हिरासत में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पुलिस अथवा किसी भी आपातकालीन सेवा को झूठी सूचना न दें। पुलिस के मुताबिक, झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करना कानूनन अपराध है। ऐसी सूचनाओं से पुलिस संसाधनों का अनावश्यक उपयोग होता है और वास्तविक जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचने में देरी हो सकती है।
