
शिवराज यादव / हरिद्वार / खानापुर। ऑपरेशन प्रहार के तहत खानपुर पुलिस ने चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को चोरी किए गए मोबाइल फोन और नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। थाना खानपुर क्षेत्र के ग्राम तुगलपुर निवासी सत्तो ने 6 सितंबर 2026 को तहरीर देकर बताया था कि 3 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने घर का गेट तोड़कर मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा संख्या 233/26, धारा 305(ए)/334(4), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर आरोपितों की तलाश और चोरी का माल बरामद करने के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों से पूछताछ और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। थानाध्यक्ष खानपुर की निगरानी में गठित विशेष टीम ने 6 सितंबर की देर शाम ग्राम खानपुर क्षेत्र से अर्जुन पुत्र विनोद कश्यप और रोहित कुमार उर्फ बाग्गा पुत्र महिपाल, निवासी ग्राम खानपुर, थाना खानपुर, हरिद्वार को चोरी के मोबाइल फोन और नकदी के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है तथा उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ सह आरोपितों की तलाश में जुटी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सूरत शर्मा, चौकी प्रभारी गोवर्धनपुर, अपर उपनिरीक्षक योगेन्द्र सिंह, कांस्टेबल सुखविन्दर सिंह और कांस्टेबल अशोक कुमार शामिल रहे।
