
राजकुमार / नई दिल्ली। जंतर-मंतर स्थित नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) (NUJ-I) के राष्ट्रीय कार्यालय में सोमवार को संगठन के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश थपलियाल, नवनिर्वाचित महासचिव राकेश शर्मा और नवनिर्वाचित कोषाध्यक्ष रामचंद्र कनौजिया ने विधिवत रूप से अपने पदों का कार्यभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण समारोह में चुनाव अधिकारी दधीबल यादव, निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी, उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष सुनील दत्त पांडेय, वरिष्ठ पत्रकार आदेश त्यागी, प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, प्रदेश सचिव बाल कृष्ण शास्त्री सहित देश के विभिन्न प्रदेशों से पहुंचे वरिष्ठ पत्रकार एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को नई मजबूती देने की उम्मीद जताई।
पदभार ग्रहण करने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश थपलियाल ने कहा कि पत्रकारों के हितों और अधिकारों की रक्षा उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता के सामने कई चुनौतियां हैं, ऐसे में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाकर पत्रकारों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाया जाएगा। पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और उनके हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के साथ संगठन की गतिविधियों का विस्तार देशभर में किया जाएगा।
राष्ट्रीय महासचिव राकेश शर्मा ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए सभी प्रदेशों के पदाधिकारियों और पत्रकार साथियों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं को केवल उठाना ही नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों और सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से पैरवी करना संगठन की प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने पत्रकारों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रामचंद्र कनौजिया ने कहा कि संगठन की वित्तीय व्यवस्था को पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संचालित किया जाएगा। संगठन के संसाधनों का उपयोग पत्रकार हितों से जुड़े कार्यों, पत्रकार कल्याण और संगठन को मजबूत बनाने के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी और सदस्य मिलकर संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे।
इस अवसर पर मौजूद वरिष्ठ पत्रकारों और संगठन के पदाधिकारियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने भी संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने तथा पत्रकार हितों के लिए लगातार कार्य करने का संकल्प दोहराया।
