
शिवराज यादव / हरिद्वार / श्यामपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली श्यामपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने 12 सितंबर 2026 को कांगड़ी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 02 किलोग्राम गांजा, एक ओप्पो मोबाइल फोन और 600 रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा आरोपी के बैग से गांजे की बिक्री में इस्तेमाल की जाने वाली 1210 छोटी पन्नियां भी बरामद की गईं।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने गांजे को छोटी-छोटी पन्नियों में भरकर बेचने की बात स्वीकार की। आरोपी की पहचान राजा पुत्र ब्रह्मदेव सैनी, निवासी ग्राम सरवारा अरोय, थाना कंसी सिमड़ी, जनपद दरभंगा, बिहार, हाल निवासी गली नंबर-03, कांगड़ी, थाना श्यामपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी चौकी चंडीघाट देवेंद्र सिंह तोमर, कांस्टेबल राहुल देव, कांस्टेबल विनीत और कांस्टेबल अनिल रावत शामिल रहे।
