
शिवराज यादव / हरिद्वार। जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ड्रग्स तस्कर को 10.32 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम हिल बाईपास रोड फ्लाईओवर के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को देखकर एक युवक अचानक घबराकर पीछे मुड़कर भागने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सूरज कुमार पुत्र राजेश दास निवासी ग्राम बनकटवा थाना जीतना जिला बेतिया, बिहार तथा वर्तमान पता कबाड़ी बस्ती लालजीवाला, कोतवाली नगर हरिद्वार बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 10.32 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु.अ.सं.-263/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा, उपनिरीक्षक नवीन नेगी, कांस्टेबल संदीप रावत एवं कांस्टेबल पवनीश कवि शामिल रहे।
