
राजकुमार / हरिद्वार। चारधाम यात्रा एवं आगामी गंगा दशहरा स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपदभर में सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
टीमों ने ऋषिकुल स्थित चारधाम यात्रा रजिस्ट्रेशन केंद्र, बस अड्डों और रेलवे स्टेशन सहित कई भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान डॉग स्क्वॉड के स्वानों एवं अत्याधुनिक उपकरणों की सहायता से संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु और वाहनों की गहन जांच की गई। पुलिस कर्मियों ने परिसर के चप्पे-चप्पे को खंगालते हुए यात्रियों और स्थानीय लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया।
एसएसपी नवनीत सिंह ने सभी थाना प्रभारियों, बीडीएस एवं डॉग स्क्वॉड टीमों को लगातार एक्टिव रहने तथा हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चारधाम यात्रा और गंगा दशहरा स्नान पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
