
शिवराज यादव / हरिद्वार। पुलिस मुख्यालय देहरादून की ओर से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत ज्वालापुर पुलिस और औषधि निरीक्षक की टीम ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 55 नशीले कैप्सूल और 40 टैबलेट बरामद की हैं।
पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति रुक्मणि गार्डन, राजलोक कॉलोनी में काम करने वाले मजदूरों को नशीली गोलियां बेचने जा रहा है। सूचना पर ज्वालापुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और औषधि निरीक्षक हरीश सिंह को भी कार्रवाई के लिए बुलाया गया। मुखबिर के बताए स्थान पर सीफील्ड स्कूल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मौ. सैफ अली पुत्र नफीस, निवासी ग्राम सराय, कोतवाली ज्वालापुर, हरिद्वार बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 55 डाइसाइक्लोमीन हाइड्रोक्लोराइड/ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड/एसीटामिनोफेन कैप्सूल और 40 अल्प्राजोलम 0.5 एमजी टैबलेट बरामद हुईं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली ज्वालापुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी चौकी बाजार उपनिरीक्षक पुष्कर चौहान, कांस्टेबल अंकुर चौधरी और कांस्टेबल दिनेश कुमार शामिल रहे। कार्रवाई में औषधि निरीक्षक हरीश सिंह की भी भूमिका रही।
