
शिवराज यादव / हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में महिला एवं बाल अपराधों के प्रति गंभीरता बरतते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में कोतवाली कनखल पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के मामले में वांछित आरोपी को हिरासत में लिया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली, नोएडा, अलीगढ़, बरेली समेत कई स्थानों पर लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। कनखल पुलिस की लगातार दबिश से घबराकर आरोपी ने आखिरकार कोतवाली पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
3 सितंबर 2026 को पीड़िता की मां ने कोतवाली कनखल में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि एक युवक ने नाबालिग से दोस्ती कर उसे अपने विश्वास में लिया और बाद में उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने नाबालिग के फोटो और वीडियो भी बना लिए तथा उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। डर के कारण नाबालिग ने आरोपी को एक लाख रुपये दिए, लेकिन इसके बावजूद आरोपी लगातार और रुपयों की मांग करता रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली कनखल में मु.अ.सं. 311/2026 के तहत पॉक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी अधिकारी थाना कनखल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली, नोएडा, अलीगढ़, बरेली और हरिद्वार सहित विभिन्न स्थानों पर अपना ठिकाना बदलता रहा। कनखल पुलिस की लगातार दबिश और तलाश के चलते आरोपी दबाव में आ गया और अंततः कोतवाली कनखल पहुंचकर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपी की पहचान गौरव कुमार पुत्र धनपाल निवासी बफरी बुजुर्ग, थाना शाही, जनपद बरेली, हाल निवासी सगरावाला, जगजीतपुर, थाना कनखल, हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवेन्द्र पाल, महिला उपनिरीक्षक सीमा आर्य, कांस्टेबल रणजीत सिंह और महिला कांस्टेबल सुष्मिता रावत शामिल रहे।
