
शिवराज यादव / हरिद्वार / ज्वालापुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के आदेशानुसार नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत ज्वालापुर पुलिस ने एक आरोपी को 5.45 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक और 500 रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पुलिस मुख्यालय देहरादून के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर चंद्रभान सिंह अधिकारी के नेतृत्व में नशा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी।
17 सितंबर 2026 की रात चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने सुभाष नगर स्थित मक्का मस्जिद के पीछे से संदिग्ध अवस्था में घूम रहे चांद रहमान पुत्र अमीर अहमद निवासी गायत्री विहार, सराय रोड, ज्वालापुर, हरिद्वार को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 5.45 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक और 500 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा अपराध संख्या 651/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मु0अ0सं0 79/2020 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट, मु0अ0सं0 150/2021 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट तथा मु0अ0सं0 943/2023 धारा 380, 411 भादवि के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम में प्रभारी चौकी बाजार उपनिरीक्षक पुष्कर चौहान, कांस्टेबल आलोक नेगी, कांस्टेबल रवि चौहान और कांस्टेबल नरेंद्र राणा शामिल रहे।
