
शिवराज यादव / हरिद्वार / श्यामपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशों के क्रम में जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना श्यामपुर पुलिस द्वारा 15 सितंबर 2026 को संदिग्ध व्यक्ति/वाहनों की चेकिंग एवं अपराध की रोकथाम के लिए क्षेत्र में भ्रमण किया जा रहा था।
इसी दौरान गैण्डीखाता बाजार से टाटवाला जाने वाले नहर पटरी मार्ग पर रवासन नदी पुल पार करने के बाद पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। टाटवाला की ओर से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर मोटरसाइकिल सवार अचानक वापस मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा। जल्दबाजी में मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मोटरसाइकिल सवार ने अपना नाम राकेश पुत्र कालू सिंह, निवासी दूधियावाला/टाटवाला, थाना श्यामपुर, जनपद हरिद्वार बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 400 ग्राम अवैध चरस, चरस परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद हुए। पुलिस ने बरामद सामान को नियमानुसार कब्जे में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने गांव से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में चरस एकत्र की थी और इसे गैण्डीखाता मार्केट में बेचने के उद्देश्य से ले जा रहा था।
आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हरिद्वार पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गगन मैठाणी, चौकी प्रभारी लालढांग, हेड कांस्टेबल शेर सिंह, कांस्टेबल गजेन्द्र प्रसाद, कांस्टेबल मनमोहन सैनी शामिल रहे।
