
राजकुमार / हरिद्वार। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि मौजूदा दौर में पत्रकार और पत्रकारिता एक चुनौतीपूर्ण पेशा बन गया है। पत्रकार अपनी जान जोखिम में डालकर सच्चाई को समाज के सामने लाने का काम करता है। लोकतंत्र में पत्रकारों की यह भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और उनका निर्भीक होकर काम करना लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है।
मदन कौशिक मंगलवार को प्रेस क्लब हरिद्वार सभागार में अखिल भारतीय समाचार पत्र एसोसिएशन की उत्तराखंड इकाई के तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय अधिवेशन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समय के साथ पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदला है। तकनीक और सोशल मीडिया के विस्तार ने समाचारों की गति बढ़ाई है।उन्होंने पत्रकारों से तथ्यपरक, निष्पक्ष और जनसरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि आज का दौर सोशल मीडिया का है और सूचनाएं कुछ ही क्षणों में लोगों तक पहुंच जाती हैं। इसके बावजूद आम लोगों का भरोसा आज भी अखबारों पर कायम है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में फर्जी और भ्रामक सूचनाओं की चुनौती बढ़ी है। ऐसे में समाचार पत्र प्रमाणिक और विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखना मीडिया की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। पत्रकारों को खबरों की सत्यता की जांच के बाद ही उसे पाठकों तक पहुंचाना चाहिए।
अधिवेशन की अध्यक्षता कर रहे महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज नें कहा सोशल मीडिया के दौर में भी अख़बार आज भी समाज का दर्पण है पत्रकारिता भी योग और तपस्या है। श्रीगंगा सभा के अध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री नितिन गौतम नें कहा माँ गंगा की लोकप्रियता का श्रेय समाचार पत्रों और पत्रकारों को जाता है। जिसके कारण आज गंगा विश्व प्रसिद्ध है।
उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष सरदार सुरजीत सिंह गाँधी नें कहा अखबारों और खबरों का पैटर्न बदला है फिर भी अख़बार दूरदराज गाँव के लोगो की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष अमित शर्मा नें सभी आगत अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने सूचना महानिदेशक से पत्रकार कल्याण कोष के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और पत्रकार पेंशन, अधिमान्यता और विज्ञापन नीति में सुधार की मांग करी
अधिवेशन में पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए 21 वरिष्ठ संपादकों को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में ब्रजेंद्र हर्ष, गुलशन नैय्यर, रामचंद्र कनौजिया, शैलेंद्र सिंह, राधेश्याम विद्याकुल, कुमकुम शर्मा, निशा शर्मा, काशीराम सैनी, अवधेश शिवपुरी, डॉ. प्रदीप जोशी, शिव कुमार शर्मा, श्रवण अरोड़ा, जयपाल सिंह, राजीव तुम्बड़िया, नरेश दीवान शैली, ओम गौतम फक्कड़, राजेश शर्मा, अविक्षित रमन, प्रवीण झा एवं दया जोशी शामिल रहे। अतिथियों को एसोसिएशन द्वारा अभिनंदन-पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष् संजय मिश्रा ने एसोशिएशन की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष् धर्मेंद्र चौधरी ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन संयोजक ललितेन्द्र नाथ व बालकृष्ण शास्त्री ने संयुक्त रूप से किया। अंत में प्रदेश महामंत्री राजकमल गोयल ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पत्रकार व संपादक मौजूद रहे।
