
शिवराज यादव / हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने माईनिंग चेक पोस्ट से चोरी किए गए करीब 35 लाख रुपये कीमत के 12 टायरा ट्रक को मुकदमा दर्ज होने के महज 48 घंटे के भीतर बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक 24 अगस्त 2026 को कोतवाली श्यामपुर क्षेत्र स्थित माईनिंग चेक पोस्ट से लाल रंग का ओपन बॉडी 12 टायरा ट्रक चोरी किया गया था। मामले में कोतवाली श्यामपुर में मु.अ.सं.-104/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू की। 31 अगस्त 2026 को पुलिस ने मामले में प्रकाश में आए दो संदिग्धों शहजाद परवेज पुत्र अमीनुद्दीन, निवासी मोहल्ला मुगलुशाह, थाना नजीबाबाद, जनपद बिजनौर, उम्र 38 वर्ष तथा हबीब खां पुत्र प्यारे खां, निवासी मोहल्ला किला, थाना नजीबाबाद, जनपद बिजनौर, उम्र 55 वर्ष को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने ट्रक चोरी की वारदात स्वीकार की और बताया कि चोरी किए गए ट्रक को गैण्डीखाता क्षेत्र में जंगल गुर्जर बस्ती की ओर छिपाकर रखा गया है।
उपनिरीक्षक गगन मैठाणी के नेतृत्व में पुलिस टीम दोनों आरोपियों को साथ लेकर बताए गए स्थान पर पहुंची। आरोपियों की निशानदेही पर गुर्जर बस्ती की ओर जाने वाले रास्ते के पास जंगली झाड़ियों के बीच से चोरी किया गया लाल रंग का 12 टायरा ओपन बॉडी ट्रक, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये है, बरामद कर लिया गया। आरोपियों ने ट्रक की पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसकी नंबर प्लेट भी हटा दी थी। बरामदगी के दौरान बीएनएसएस की धारा 105 के प्रावधानों का अनुपालन करते हुए ई-साक्ष्य एप के माध्यम से पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी की गई। ट्रक के चेसिस एवं इंजन नंबर का सत्यापन करने पर वह मुकदमे में चोरी किए गए ट्रक से संबंधित पाया गया।
ट्रक की बरामदगी के बाद मुकदमा उपरोक्त में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए धारा 317(2), 3(5) एवं 61(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है। पुलिस के अनुसार अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ चोरी एवं अपराध से संबंधित संपत्ति की त्वरित बरामदगी कर पीड़ित को न्याय दिलाना हरिद्वार पुलिस की प्राथमिकता है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, उपनिरीक्षक मनोज रावत, उपनिरीक्षक गगन मैठाणी (चौकी प्रभारी लालढांग), उपनिरीक्षक देवेन्द्र तोमर (चौकी प्रभारी चंडीघाट), अपर उपनिरीक्षक रविन्द्र गौड़, हेड कांस्टेबल शेर सिंह, कांस्टेबल राहुल देव, कांस्टेबल संदीप रावत, कांस्टेबल मनमोहन सैनी, कांस्टेबल विनीत कुमार तथा कांस्टेबल वसीम (एसओजी हरिद्वार) शामिल रहे।
