
शिवराज यादव / हरिद्वार। मां गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस के जवानों ने प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट्स के सहयोग से प्रेमनगर आश्रम के पास स्थित गंगा घाटों पर वृहद सफाई अभियान चलाया। इस दौरान घाटों और गंगा तट पर फैली पॉलिथीन सहित अन्य अपशिष्ट को हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर आयोजित इस अभियान का नेतृत्व सीओ ट्रैफिक दीपेंद्र कुमार ने किया। अभियान में पुलिस के जवानों और प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट्स ने पूरे उत्साह एवं लगन के साथ प्रतिभाग किया और गंगा घाटों की सफाई कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
सफाई अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने क्षेत्रीय लोगों एवं श्रद्धालुओं को मां गंगा के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराते हुए गंगा जल और घाटों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे गंगा में पॉलिथीन, प्लास्टिक और अन्य कचरा न डालें तथा घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से मां गंगा की स्वच्छता के लिए निरंतर प्रयास करने और इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। पुलिस का संदेश है कि मां गंगा की पवित्रता और घाटों की स्वच्छता बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
