
शिवराज यादव / हरिद्वार / कनखल। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ हरिद्वार पुलिस का ऑपरेशन प्रहार लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत कोतवाली कनखल पुलिस ने दो आरोपियों को नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 10 ब्यूप्रेनोर्फिन (BUPRENORPHINE) इंजेक्शन बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कनखल के नेतृत्व में पुलिस टीम नशा तस्करों, वांछित आरोपियों, वारंटियों और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में 23 अक्टूबर 2026 को कनखल पुलिस गश्त कर रही थी। इस दौरान माया विहार, जगजीतपुर की ओर पैदल आते दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से पांच-पांच नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित कुमार पुत्र पवन सिंह और मनीष उर्फ मोनू पुत्र मोहन, दोनों निवासी ग्राम जियापोता, थाना कोतवाली कनखल, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों के पास से कुल 10 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता, अपर उपनिरीक्षक ललित मोहन अधिकारी, कांस्टेबल गजय तोमर और कांस्टेबल सुनील चौहान शामिल रहे।
