
राजकुमार / हरिद्वार। शहीद दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित शहीद स्मारक पर हरिद्वार पुलिस के जवानों एवं अधिकारियों ने एकत्रित होकर देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस कर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जनपद के पुलिस अधिकारियों ने विगत एक वर्ष में शहीद हुए पुलिस कर्मियों को याद करते हुए उनके बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान शहीद जवानों के नामों का उच्चारण किया गया, जिसके बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने शहीद स्मारक पर सर्वप्रथम पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात जनपद के अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी क्रमवार पुष्प चक्र एवं पुष्प अर्पित कर अमर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में सेरेमोनियल गार्द द्वारा शहीद पुलिस कर्मियों को शोक सलामी दी गई। इस दौरान उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। एसएसपी नवनीत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शहीदों का बलिदान हमें राष्ट्र सेवा, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प दिलाता है। उनकी शौर्य गाथाएं आने वाली पीढ़ियों को सदैव देशभक्ति, कर्तव्यपरायणता और जनसेवा के लिए प्रेरित करती रहेंगी। उन्होंने शहीद पुलिस कर्मियों के अदम्य साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए उनके योगदान को राष्ट्र और समाज के लिए अमूल्य बताया। कार्यक्रम के माध्यम से हरिद्वार पुलिस ने अमर शहीदों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों पर चलने और जनसुरक्षा के प्रति सदैव समर्पित रहने का संकल्प दोहराया।
