
शिवराज यादव / हरिद्वार / पथरी। थाना पथरी क्षेत्र के ग्राम शिवगढ़ में आयोजित रामलीला के दौरान हुड़दंग मचाकर शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर रहे नौ युवकों को पथरी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने सभी युवकों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की है। हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र की शांति एवं कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 18 अक्टूबर 2026 को थाना पथरी पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम शिवगढ़ में आयोजित रामलीला के दौरान कुछ युवक हंगामा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां कुछ युवक हो-हल्ला कर रहे थे और शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस टीम एवं रामलीला में मौजूद अन्य लोगों ने युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। स्थिति बिगड़ने और किसी संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सभी नौ युवकों को धारा 170 BNSS के तहत हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान मुकुल पुत्र दरेश कुमार (22 वर्ष), जतिन पुत्र पवन चौहान (19 वर्ष), अमरीश पुत्र अमरपाल (26 वर्ष), विशाल पुत्र विजेन्द्र (20 वर्ष), शुभम पुत्र धरमवीर (19 वर्ष), आकाश पुत्र राजकुमार (20 वर्ष), मनीष कुमार पुत्र नरेन्द्र सिंह (21 वर्ष) तथा विनीत कुमार पुत्र ब्रह्मपाल (19 वर्ष), निवासीगण ग्राम धारीवाला, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। इनके अलावा अभिषेक पुत्र साधूराम (23 वर्ष), निवासी ग्राम शिवगढ़, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, कांस्टेबल जितेन्द्र पुंडीर, कांस्टेबल सुरेश रावत, कांस्टेबल सोहन राणा, होमगार्ड अजय कुमार तथा होमगार्ड इन्छाराम शामिल रहे। हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि धार्मिक आयोजनों एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान शांति बनाए रखें और कानून व्यवस्था कायम रखने में पुलिस का सहयोग करें।
