
हरिद्वार / भगवानपुर। हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के अंतर्गत कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, दिनांक 28 फरवरी 2026 को वादी की लिखित तहरीर के आधार पर उसकी नाबालिग पुत्री को आदिश पुत्र आबिद निवासी ग्राम पुहाना, थाना भगवानपुर द्वारा अपहरण कर ले जाने के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार ने प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर को बालिका की शीघ्र बरामदगी के निर्देश दिए थे। मामले की जांच और बालिका की बरामदगी के लिए प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों, डीसीआरबी तथा अन्य संभावित स्थानों पर तलाश और दबिश की कार्रवाई की।
इसी क्रम में दिनांक 19 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी आदिश पुत्र आबिद निवासी ग्राम पुहाना, थाना भगवानपुर को आजाद नगर, थाना भिवाड़ी, राजस्थान से पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में अपहरण एवं दुष्कर्म से संबंधित आरोपों के संबंध में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुनील पंत, हेड कांस्टेबल अरविंद तोमर तथा महिला कांस्टेबल अनुपमा शामिल रहे।
