
शिवराज यादव / हरिद्वार / भगवानपुर। पुलिस ने भगवानपुर थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया OPPO F29 Pro मोबाइल फोन, ₹1,000 नगद, घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेण्डर प्लस मोटरसाइकिल, एक देशी तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 9 सितंबर 2026 को मनीराम पुत्र चांद सिंह निवासी डेलना, थाना झबरेड़ा ने थाना भगवानपुर में तहरीर देकर बताया था कि मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात युवकों ने तमंचा दिखाकर डराते-धमकाते हुए उनका मोबाइल फोन और ₹2,420 नगद लूट लिया। तहरीर के आधार पर थाना भगवानपुर में मु.अ.सं. 380/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और घटना के अनावरण के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के दिशा-निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और घटना से जुड़े आने-जाने वाले मार्गों के डिजिटल फुटप्रिंट संकलित कर उनका विश्लेषण किया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप 10 सितंबर 2026 को घटना में शामिल तीन आरोपियों मौहम्मद उमर पुत्र आफताब निवासी माधोपुर, थाना गंगनहर, हरिद्वार; शाहनवीर पुत्र इस्फाक निवासी सिरचन्दी, थाना भगवानपुर, हरिद्वार; और फैजान पुत्र इरफान निवासी सिकन्दरपुर, थाना भगवानपुर, हरिद्वार को हिरासत में लिया गया। आरोपियों के विरुद्ध मुकदमे में धारा 3(5), 61, 317(2) बीएनएस एवं धारा 3/25(1-B)(A) आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है और अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मुकेश नौटियाल, अपर उपनिरीक्षक प्रदीप चौहान, हेड कांस्टेबल अरविन्द तोमर, कांस्टेबल राजेन्द्र वर्मा, कांस्टेबल सन्दीप राणा, कांस्टेबल उवैद और कांस्टेबल रविन्द्र राणा शामिल रहे।
