
शिवराज यादव / हरिद्वार। जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना पथरी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 लीटर अवैध कच्ची शराब और शराब बनाने में प्रयुक्त भट्टी उपकरण के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना पथरी पुलिस टीम ने 13 जून 2026 को क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने धारीवाला क्षेत्र में दबिश देकर एक व्यक्ति को अवैध कच्ची शराब और भट्टी उपकरण के साथ पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान चन्द्रपाल पुत्र करम सिंह निवासी ग्राम धारीवाला, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से 15 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई है। साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त भट्टी उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पथरी में मु.अ.सं. 292/2026 के तहत धारा 60(1)/60(2) आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विपिन कुमार, कांस्टेबल जयपाल चौहान, कांस्टेबल कान्ति राम शर्मा तथा कांस्टेबल अनिल पंवार शामिल रहे।
