
राजकुमार / हरिद्वार। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को कनखल स्थित दक्ष बालाजी ऑर्थो हॉस्पिटल में मां गंगे ब्लड बैंक के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने किया। शिविर में 40 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ एवं आयोजक डॉ. राकेश कुमार सिंहल ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा वर्ष 2004 से प्रतिवर्ष 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
डॉ. सिंहल ने कहा कि एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान तीन से चार लोगों का जीवन बचा सकता है, क्योंकि रक्त से लाल रक्त कणिकाएं (RBC), प्लाज्मा और प्लेटलेट्स अलग कर विभिन्न मरीजों के उपचार में उपयोग किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि समाज सेवा की भावना से आयोजित इस शिविर को लोगों का उत्साहजनक सहयोग मिला।
शिविर में मुख्य अतिथि धर्मेंद्र चौधरी के अलावा खबरें अभी तक न्यूज़ चैनल के प्रतिनिधि सुमित यशकल्याण, प्रधान टाइम्स के प्रतीक गुप्ता, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रदीप चौधरी, प्रेस क्लब हरिद्वार के पूर्व सचिव प्रदीप जोशी, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन हरिद्वार के अध्यक्ष डॉ. विपिन मेहरा, सचिव डॉ. प्रेम लूथरा, डॉ. नीता मेहरा, डॉ. अनु लूथरा, डॉ. तरुण गुप्ता, डॉ. सीमा गुप्ता, डॉ. रविकांत शर्मा, डॉ. अक्षय शर्मा, भारत विकास परिषद के प्रांतीय संगठन सचिव एवं समाजसेवी निखिल वर्मा, समाजसेवी संजय अग्रवाल, चार्टर्ड अकाउंटेंट अंशुल अग्रवाल, व्यवसायी अंकुर अग्रवाल, ज़नेका फार्मास्युटिकल्स के प्रबंध निदेशक ललित बत्रा तथा सीमा सिंहल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रक्तदान शिविर के सफल संचालन में मां गंगे ब्लड बैंक, दक्ष बालाजी ऑर्थो हॉस्पिटल के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) भेल हरिद्वार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का महत्वपूर्ण योगदान रहा। ब्लड बैंक की ओर से संदीप गोस्वामी एवं उनकी टीम, अस्पताल की ओर से सतीश चौहान, सत्येंद्र चौहान, रवि चौहान, मुस्कान, रिया, मीना, दिशांत और आलिया नूर ने व्यवस्थाएं संभालीं। वहीं सीआईएसएफ की ओर से कमांडेंट दीपक बडोला, असिस्टेंट कमांडेंट शैलेंद्र सिंह धाकड़ तथा अन्य सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से अधिकार मित्र राज मोहिनी, नरेश कुमार, ओमवीर सिंह, नवरत्न लाल और रूपन देवी ने भी सहयोग किया।
आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़े।
