
हरिद्वार / सिडकुल। थाना सिडकुल पुलिस ने अवैध कच्ची शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन मकान में चल रही शराब की भट्टी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस को 05 मई 2026 को गोपनीय सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के ग्राम खानाटीरा स्थित एक निर्माणाधीन मकान में अवैध रूप से कच्ची शराब बनाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर औचक छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने विकास पुत्र सुरेंद्र निवासी घास मंडी ज्वालापुर को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
मौके से पुलिस ने 06 लीटर कच्ची शराब, करीब 200 लीटर लाहन, शराब बनाने की भट्टी, उपकरण, लोहे व प्लास्टिक के ड्रम और प्लास्टिक कैन बरामद किए। बरामद लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर कच्ची शराब बनाकर आसपास के गांवों में सप्लाई करता था। बरामदगी के आधार पर थाना सिडकुल में मुकदमा अपराध संख्या 173/26 के तहत धारा 60 (2) आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अजय शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विकास रावत, एडिशनल उपनिरीक्षक हरिश्चंद्र शाह, कांस्टेबल अजय डोबाल, कांस्टेबल तनवीर अली और कांस्टेबल नरेंद्र चौहान शामिल रहे।
