
राजकुमार / हरिद्वार / बहादराबाद। कोतवाली बहादराबाद क्षेत्र में हुए राजवीर हत्याकांड का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी नवनीत सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मृतक की शादीशुदा पुत्री से प्रेम संबंध रखने वाले युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर इस हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया। सोमवार 27 अप्रैल को प्रियांशु पुत्र राजवीर सिंह निवासी ग्राम रानानगला थाना स्योहारा, जिला बिजनौर द्वारा अपने पिता की हत्या की सूचना दी गई थी, जिसके आधार पर कोतवाली बहादराबाद में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल हरिद्वार की मोर्चरी में रखवाया, जहां परिजनों ने मृतक की पहचान राजवीर सिंह के रूप में की।
मामले के शीघ्र अनावरण के लिए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और डिजिटल एविडेंस के आधार पर पुलिस ने मृतक के साथ शराब पीने वालों की पहचान की। एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की जांच करते हुए पुलिस ने कलियर रोड स्थित लकी हॉस्पिटल के बाहर एक युवक को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में हत्या की पूरी साजिश का खुलासा किया। आरोपी पंकज कुमार ने बताया कि उसका मृतक की बेटी से प्रेम संबंध है वह उससे शादी करना चाहता था परन्तु मृतक राजबीर की डर से प्रेमिका ने उसके साथ शादी करने को तैयार न होने पर उसने राजबीर की हत्या की योजना बनाई। मृतक एवं आरोपियों की पहले से जान पहचान थी दोनों सिडकुल की अलग-अलग कंपनियों में काम करते थे, मृतक की लड़की शादीशुदा थी आरोपी उसका उसके पति से तलाक करवा कर उससे खुद शादी करना चाहता था जो मृतक को मंजूर नहीं था इसलिए उसने अपने साथी छोटेलाल के साथ मिलकर रविवार 26 अप्रैल की शाम को राजवीर को बोंगला अंडरपास के पास पॉपुलर के खेत में शराब पिलाने के बहाने ले जाकर उसके सिर पर हथौड़े से वार कर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी पंकज को मौके से गिरफ्तार किया तथा उसकी निशानदेही पर नहर पटरी मार्ग से दूसरे आरोपी छोटेलाल को भी पकड़ लिया। दोनों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, हथौड़ा, मृतक का मोबाइल फोन, पर्स, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड व अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार मृतक और आरोपी पहले से एक-दूसरे को जानते थे और सिडकुल की अलग-अलग कंपनियों में कार्यरत थे। गिरफ्तार आरोपियों में पंकज कुमार पुत्र चमन सिंह निवासी रोशनाबाद हरिद्वार (उम्र 26 वर्ष) तथा छोटेलाल पुत्र गंगा सागर निवासी सीतापुर (हाल निवासी रोशनाबाद हरिद्वार, उम्र 36 वर्ष) शामिल हैं।
इस हत्याकांड के खुलासे में कोतवाली बहादराबाद पुलिस, थाना सिडकुल, सीआईयू हरिद्वार और फील्ड यूनिट की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही। टीम में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज गौरोला, उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट (प्रभारी चौकी बाजार), कांस्टेबल बलवंत सिंह, नितुल यादव, विकास थापा, मुकेश नेगी, वीरेन्द्र चौहान, चालक कांस्टेबल वीरेन्द्र सिंह और कांस्टेबल अरुण चमोली शामिल रहे। थाना सिडकुल से उपनिरीक्षक अजय शाह (थानाध्यक्ष) और कांस्टेबल राजेश, सीआईयू हरिद्वार से निरीक्षक नरेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक ऋतुराज सिंह, कांस्टेबल दीप गौड़, उमेश, वसीम और हरवीर तथा फील्ड यूनिट टीम से कांस्टेबल अनिल चौहान और विनय भट्ट ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
