
राजकुमार / हरिद्वार / कलियर। कोतवाली कलियर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत बेड़पुर चौक के पास होटल स्वामी पर तमंचे से फायरिंग करने की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल 12 बोर का तमंचा भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार घटना के पीछे होटल स्वामी से खाने-पीने को लेकर हुआ विवाद और पुरानी रंजिश सामने आई है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त 2026 को बेड़पुर कलियर निवासी सुहेब ने तहरीर देकर बताया था कि त्यागी ढाबा, बेड़पुर चौक के पास अज्ञात व्यक्तियों ने जान से मारने की नीयत से उस पर तमंचे से फायर किया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। तहरीर के आधार पर कोतवाली कलियर में मु.अ.सं. 196/2026, धारा 109(1), 351(2), 351(3) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के शीघ्र अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम ने डिजिटल एवं मैनुअली साक्ष्य जुटाने के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान घटना में विशु सैनी का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने 1 सितंबर 2026 को आरोपी को खादर वाली रोड से हिरासत में लिया। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त 12 बोर का एक तमंचा बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर होटल स्वामी को सबक सिखाने की योजना बनाई थी। घटना के पीछे होटल स्वामी से खाने-पीने को लेकर हुआ विवाद और रंजिश बताई जा रही है। पुलिस अब आरोपी के अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशु सैनी पुत्र अरुण कुमार, निवासी ग्राम गुम्मावाला, थाना पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक 12 बोर का तमंचा बरामद किया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी, उपनिरीक्षक अमित नौटियाल, हेड कांस्टेबल संजय रावत, हेड कांस्टेबल बबलू कुमार और कांस्टेबल मौ. आबिद शामिल रहे।
