
शिवराज यादव / हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे माल निस्तारण अभियान के तहत कोतवाली मंगलौर पुलिस ने आयुध अधिनियम से संबंधित मामलों में जब्त अवैध हथियारों का नियमानुसार निस्तारण किया। अभियान के तहत कोतवाली में दर्ज विभिन्न मामलों से संबंधित कुल 63 मालमुकदमाती वस्तुओं का विधिक प्रक्रिया के अनुसार निस्तारण किया गया।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मालखानों में लंबित जब्त माल के समयबद्ध निस्तारण और न्यायालय व शासन के निर्देशों के अनुपालन के उद्देश्य से की गई। इससे मालखानों में अनावश्यक रूप से लंबित पड़े जब्त सामान का व्यवस्थित निष्पादन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
निस्तारण प्रक्रिया के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रुड़की, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मंगलौर, मालखाना मोहर्रिर तथा नगर पालिका मंगलौर के सभासद मौजूद रहे।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि न्यायालय और शासन के निर्देशों के अनुरूप माल निस्तारण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि लंबित मामलों से संबंधित जब्त माल का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जा सके।
