
राजकुमार / हरिद्वार। तीर्थ नगरी हरिद्वार को साफ-स्वच्छ एवं सुन्दर बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के कुशल नेतृत्व एवं निर्देशन में जनपद में निरंतर चलाया जा रहा है स्वच्छता अभियान।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि तीर्थनगरी हरिद्वार को साफ-स्वच्छ बनाए रखने तथा गंगा स्नान एवं चारधाम यात्रा पर आ रहे श्रद्धालुओं को साफ-स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो सके इसके लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को राम घाट एवं कश्यप घाट क्षेत्रांतर्गत व्यापक स्तर पर आपदा प्रबंधन, आदर्श सेवा समिति, नगर निगम, डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स, गंगा सभा के प्रतिनिधियों तथा नगर निगम के सयुक्त तत्वाधान में सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान घाटों पर फैलें कूड़े-कचरे को एकत्रित कर उचित निस्तारण हेतु नगर निगम को उपलब्ध कराया गया।
उन्होंने हरिद्वार में आने वाले श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से यह अपील भी की कि तीर्थनगरी में स्वच्छता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन का सहयोग करें तथा कूड़ा-कचरा खुले स्थानों एवं सार्वजनिक स्थानों पर न फैंके। नगर निगम एवं जिला प्रशासन द्वारा स्थापित किए गए कूड़े दानों में ही कूड़ा डालने की अपेक्षा की गई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को गन्दगी न करने के लिए जागरूक भी किया गया।
