
शिवराज यादव / हरिद्वार / पथरी। थाना पथरी क्षेत्र की चौकी फेरूपुर परिसर में रविवार को जीवन चैरिटेबल ब्लड सेंटर के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिसकर्मियों के साथ-साथ क्षेत्र के नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दिया।
रक्तदान शिविर का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया और दूसरों का जीवन बचाने के इस पुनीत कार्य में सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि रक्तदान एक महादान है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान न केवल समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का निर्वहन है, बल्कि यह स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी सहायक है।
अधिकारियों ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस की “मित्र पुलिस” की अवधारणा केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाजसेवा और मानवता की रक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। रक्तदान शिविर जैसे आयोजन पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
शिविर के सफल आयोजन पर पुलिस अधिकारियों ने जीवन चैरिटेबल ब्लड सेंटर की टीम और रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात कही।
