
राजकुमार / हरिद्वार / श्यामपुर। शराब के नशे में वाहन चलाकर सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनने वाले वाहन चालकों के खिलाफ श्यामपुर पुलिस का चेकिंग अभियान जारी है। इसी क्रम में चौकी चंडीघाट बैरियर पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार को रोककर चालक की जांच की। जांच में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
पुलिस के अनुसार, चालक द्वारा निर्धारित सीमा से अधिक शराब का सेवन किया गया था। इसके बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया और धारा 184, 185 एवं 207 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया गया। साथ ही कार को सीज कर दिया गया।
हिरासत में लिए गए चालक की पहचान अशोक पुत्र सतपाल निवासी नवलपुर बैराज, कोतवाली बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में व.उ.नि. संजीत कंडारी और कांस्टेबल अनिल रावत शामिल रहे।
