
राजकुमार / हरिद्वार / बहादराबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस को एटीएम फ्रॉड के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। उत्तराखंड पुलिस के अभियान के तहत कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 संदिग्ध एटीएम कार्ड, बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और ₹900 नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार जनपद में लगातार बढ़ रही एटीएम ठगी की घटनाओं को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों को बैंक और एटीएम बूथों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए थे।
08 मई 2026 को उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज पुलिस टीम के साथ एसबीआई एटीएम बूथ, बहादराबाद पीपल चौक के पास चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर अचानक बाइक मोड़कर पुराना पथरी पावर हाउस की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया। भागने के दौरान बाइक फिसल गई, जिसके बाद दोनों आरोपी झाड़ियों की ओर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।
पूछताछ में एक आरोपी ने अपना नाम शिवा उर्फ शिव पुत्र राजेश निवासी फेरुपुर महाराणा प्रताप कॉलोनी, थाना पथरी बताया, जबकि दूसरे ने अपना नाम मधुसूदन उर्फ मनोज पुत्र चरण सिंह निवासी गढ़मीरपुर, थाना रानीपुर बताया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 17 एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई।
सख्ती से पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे एटीएम बूथों में बुजुर्गों, महिलाओं और कम पढ़े-लिखे लोगों को मदद का झांसा देकर उनके एटीएम कार्ड बदल लेते थे। बाद में दूसरे एटीएम से खातों से रकम निकालकर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे। दोनों आरोपी पहले भी एटीएम फ्रॉड के मामलों में जेल जा चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी घटना के समय भी किसी भोले-भाले व्यक्ति को निशाना बनाने की फिराक में एटीएम बूथ के आसपास घूम रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उनकी योजना नाकाम हो गई। मामले में कोतवाली बहादराबाद में मु.अ.सं.-111/2026 के तहत अभियोग पंजीकृत कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 एटीएम कार्ड, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और ₹900 नकद बरामद किए।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज, कांस्टेबल बिरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल मुकेश नेगी और कांस्टेबल नितुल यादव शामिल रहे।
