
राजकुमार / हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी घटना के बाद हरिद्वार से फरार होकर महाराष्ट्र पहुंच गया था और लगातार पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर आरोपी को निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार दिनांक 14 मई 2026 को कोटा मुरादनगर निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली पिरान कलियर में तहरीर देकर बताया था कि गांव का रहने वाला सादिक पुत्र फरमान उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले गया और उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
इस संबंध में कोतवाली पिरान कलियर में मु.अ.सं. 100/2026 दर्ज किया गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के आदेशानुसार वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत आरोपी की तलाश में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस करनी शुरू की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना के दिन वह गांव से भाग गया था और हरिद्वार से ट्रेन पकड़कर महाराष्ट्र भाग गया था और आज पुणे से दिल्ली आ गया था, पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन दिल्ली से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सादिक पुत्र फरमान निवासी कोटा मुरादनगर, कोतवाली पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक विशाखा असवाल, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, हेड कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे।
