
राजकुमार / हरिद्वार। कोतवाली नगर पुलिस ने दीनदयाल पार्किंग अंडरपास क्षेत्र में हुए साधु हत्या प्रकरण का मात्र 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी नेपाली युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मृतक की शिनाख्त के लिए लगातार प्रयास कर रही है, जबकि अज्ञात होने के कारण इस मामले में पुलिस स्वयं वादी बनी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 अप्रैल 2026 को चौकी रोडीबेलवाला पर सूचना मिली कि हाईवे के बीच पीपल के पेड़ के पास रहने वाले एक साधु पर किसी व्यक्ति ने डंडे और पत्थर से हमला कर दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने साधु (उम्र लगभग 40-45 वर्ष) को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में रखकर मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और पुलिस टीमों ने डिजिटल व मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी। पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस गंगा सभा की अस्थायी पार्किंग पहुंची, जहां एक संदिग्ध व्यक्ति को सोते हुए पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दीपक थापा (43 वर्ष), निवासी लुम्बिनी, नेपाल बताया। उसने स्वीकार किया कि पूर्व में सोने को लेकर हुए विवाद के चलते वह बदला लेने की फिराक में था। घटना वाली रात नशे की हालत में उसने पहले बांस के डंडे और फिर पत्थर से साधु पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को धारा 103(1) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। मामले के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
