
हरिद्वार। पुलिस मुख्यालय से चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीमों द्वारा नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य सड़क हादसों पर रोक लगाना और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखना है।
इसी क्रम में 17 मई 2026 की रात्रि को प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में रानीपुर क्षेत्र में रैश ड्राइविंग और ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान बीएचईएल मध्य मार्ग पर एक कार चालक संदिग्ध अवस्था में वाहन चलाता मिला। पुलिस द्वारा जांच करने पर चालक शराब के नशे में पाया गया।
पुलिस ने चालक सुमित पुत्र प्रमोद कुमार निवासी दरियापुर, थाना ककरौली जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसके बाद उसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत हिरासत में लिया गया। साथ ही संबंधित कार को भी सीज कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा और आमजन की जान की सुरक्षा को देखते हुए ड्रिंक एंड ड्राइव करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी, हेड कांस्टेबल गोपीचंद और कांस्टेबल निलय यादव शामिल रहे।
