
राजकुमार / हरिद्वार / सिडकुल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिडकुल पुलिस ने एक युवक को 101 नशीले कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली सिडकुल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ब्रह्मपुरी रावली महदूद क्षेत्र में अवैध रूप से नशीले कैप्सूल की बिक्री की जा रही है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने महादेव मेडिकल स्टोर के पास से सागर पुत्र शिवकुमार निवासी ग्राम बरसी, थाना तितरो, जनपद सहारनपुर (हाल निवासी ब्रह्मपुरी रावली महदूद, थाना सिडकुल) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 101 नशीले कैप्सूल (स्पास्मो ट्रामाडोल) बरामद किए गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि बरामद कैप्सूल कथित रूप से एक मेडिकल स्टोर से जुड़े हैं। मामले में फरार चल रहे मेडिकल स्टोर संचालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस संबंध में कोतवाली सिडकुल में मुकदमा अपराध संख्या 222/2026, धारा 8/22/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विकास रावत, हेड कांस्टेबल सुनील सैनी तथा कांस्टेबल रोहित शामिल रहे।
