
राजकुमार / हरिद्वार / पिरान कलियर। जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली कलियर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुकर्रबपुर स्थित सरकारी स्कूल के पास से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.416 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 1 जून 2026 को चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 2.416 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान मुन्तियाज पुत्र मोहम्मद ताहिर निवासी धर्मपुर सरावगी, थाना देवबंद, जिला सहारनपुर (हाल निवासी सरकारी स्कूल के पास, मुकर्रबपुर, पिरान कलियर) के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मजदूरी का काम करता है और अधिक कमाई के लालच में रुड़की से गांजा लाकर कलियर क्षेत्र में बाबा के भेष में रहने वाले लोगों तथा नशे के आदी व्यक्तियों को छोटी-छोटी मात्रा में बेचता था। वह गांजे की बिक्री से अवैध मुनाफा कमा रहा था।
कोतवाली कलियर में आरोपी के खिलाफ मु.अ.सं. 118/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विनोद कुमार गोला, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, हेड कांस्टेबल इसरार तथा होमगार्ड अंकित कुमार की टीम ने अंजाम दिया।
