
राजकुमार / हरिद्वार। आपराधिक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए हरिद्वार पुलिस ने गुरुवार सुबह जनपद के चयनित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में सघन सत्यापन अभियान चलाया। पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड के दिशा-निर्देशों और एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर अलग-अलग पुलिस टीमों ने कोतवाली कलियर, कोतवाली नगर हरिद्वार और कोतवाली सिडकुल क्षेत्र में अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया।
पुलिस के अनुसार, अभियान का मुख्य फोकस ऐसे हॉटस्पॉट बस्तियों और इलाकों पर रहा, जहां संदिग्ध साइबर अपराधों को लेकर पुलिस द्वारा विशेष निगरानी की जा रही है। सुबह-सुबह शुरू हुए अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने घर-घर और क्षेत्र में मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया तथा उनकी गतिविधियों एवं दस्तावेजों की जानकारी जुटाई।
800 से अधिक व्यक्तियों का सत्यापन
अभियान के दौरान तीनों थाना क्षेत्रों में कुल 804 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। सत्यापन के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कुल 87 व्यक्तियों के पुलिस एक्ट में चालान किए गए, जबकि 34 व्यक्तियों की काउंसलिंग की गई।
कोतवाली कलियर: 320 व्यक्तियों का सत्यापन, 30 चालान और 13 व्यक्तियों की काउंसलिंग।
कोतवाली नगर हरिद्वार: 323 व्यक्तियों का सत्यापन, 22 चालान और 12 व्यक्तियों की काउंसलिंग।
कोतवाली सिडकुल: 161 व्यक्तियों का सत्यापन, 35 चालान और 9 व्यक्तियों की काउंसलिंग।
साइबर अपराध से बचाव के लिए किया जागरूक
सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने स्थानीय लोगों को साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी भी दी।
