
शिवराज यादव / हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट, कैफे और बार में चल रहे औचक चेकिंग एवं सत्यापन अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस ने एक हुक्का बार में अनियमितता पकड़ी। पुलिस जांच में सामने आया कि बार बिना वैध लाइसेंस के संचालित किया जा रहा था। इसके अलावा संचालक ने कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन भी नहीं कराया था।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रतिष्ठान के रिकॉर्ड खंगाले। जांच के दौरान बिना लाइसेंस हुक्का बार संचालित किए जाने और बिना सत्यापन कर्मचारियों से काम लिए जाने की बात सामने आई। मामले में पुलिस ने संचालक फहीम कुरेशी पुत्र तस्लीम कुरेशी, निवासी रामपुर चुंगी, के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का चालान किया।
पुलिस ने हुक्का बार समेत होटल, ढाबा और बार संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना वैध लाइसेंस के प्रतिष्ठान का संचालन न करें और किसी भी कर्मचारी को बिना पुलिस सत्यापन के काम पर न रखें। साथ ही प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुरक्षा उपकरण चालू हालत में रखने तथा एंट्री-एग्जिट प्वाइंट पर अच्छी गुणवत्ता के कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने संचालकों को चेतावनी दी कि प्रतिष्ठान में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। नियमों का उल्लंघन या किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
