
राजकुमार / हरिद्वार / भगवानपुर। भगवानपुर पुलिस को डायल 112 पर लूट की झूठी सूचना देना कुछ लोगों को भारी पड़ गया। मामले की जांच में करीब ढाई लाख रुपये और वाहन लूट की सूचना पूरी तरह फर्जी निकली। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ धारा 172 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार 11 मई 2026 को सलीम पुत्र अलीहसन निवासी खाताखेड़ी, थाना मंडी, जिला सहारनपुर ने डायल 112 पर सूचना दी कि ग्राम खेड़ी शिकोहपुर के पास कुछ लोगों ने जबरन उसकी गाड़ी और उसमें रखे करीब 2.5 लाख रुपये छीन लिए हैं। सूचना मिलते ही हरिद्वार पुलिस हरकत में आई और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भगवानपुर के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करते हुए आरोपितों की तलाश शुरू की। जांच में सामने आया कि नबीर पुत्र जमील, शौकिन पुत्र बाबू निवासी मानकमाजरा और साहिब पुत्र आलीम निवासी डाडाजलालपुर वाहन को अपने साथ ले गए थे। पुलिस तीनों को पूछताछ के लिए थाने लाई, जहां मामला आपसी पैसों के लेनदेन का निकला।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि सूचना देने वाले ने पुलिस को गुमराह करने और दबाव बनाने की नीयत से झूठी लूट की कहानी बनाई थी। इसके बाद पुलिस ने सलीम, नौशाद, नबीर, शौकिन और साहिब के खिलाफ धारा 172 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की।
पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि हरिद्वार पुलिस आमजन की मदद के लिए हर समय तत्पर है, लेकिन झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
