
शिवराज यादव / हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत थाना श्यामपुर पुलिस ने कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले युवकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खुद को “मकड़ा गैंग” बताने वाले पांच युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम गाजीवाली क्षेत्र में कुछ युवक मोटरसाइकिलों और कारों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर हुड़दंग मचा रहे हैं, जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने सभी युवकों को मौके से पकड़कर धारा 170 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी अपने वाहनों पर “मकड़ा” चिन्ह का प्रयोग कर गैंग के रूप में सक्रिय थे। सोशल मीडिया जांच में उनकी कई आपत्तिजनक वीडियो भी मिली हैं। पुलिस ने बताया कि ऐसे गैंगों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पकड़े गए आरोपियों में मोहित, देव, सन्नी, परवेज और योगेश शर्मा निवासी ग्राम कांगड़ी, थाना श्यामपुर शामिल हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में अ.उ.नि. रविंद्र गोड़, हे.कां. विकास भट्ट, हे.कां. बृजमोहन सिंह और हे.कां. कुलदीप सिंह शामिल रहे।
