
शिवराज यादव / हरिद्वार / पिरान कलियर। कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर 2026 को पीड़िता के परिजनों ने कोतवाली पिरान कलियर में तहरीर देकर बताया था कि दानिश पुत्र शबी, निवासी ग्राम गढ़ीपुख्ता, शामली, उत्तर प्रदेश ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी के माध्यम से उनकी नाबालिग पुत्री से संपर्क किया और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मु.अ.सं. 205/2026 दर्ज करते हुए पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया। पीड़िता को आवश्यक उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद विवेचना उपनिरीक्षक विशाखा राठौर को सौंपी गई। प्रभारी निरीक्षक पिरान कलियर कमल मोहन भण्डारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों के साथ मैनुअल पुलिसिंग के जरिए आरोपी की लगातार तलाश की। पुलिस के अनुसार, प्रयासों के बाद आरोपी दानिश को 25 सितंबर 2026 को हिरासत में लिया गया। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी, व.उ.नि. नितिन चौहान, उ.नि. विशाखा राठौर, हे.का. सोनू कुमार, का. आशीश शर्मा (CIU रुड़की) और हो.गा. ललित कुमार शामिल रहे।
