
शिवराज यादव / हरिद्वार। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर विवाद और हंगामा कर रहीं 05 महिलाओं को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरिद्वार के निर्देशानुसार की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम शिवमूर्ति चौक से रेलवे गेट क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस ने देखा कि दो पक्षों की महिलाएं आपस में गाली-गलौच और मारपीट पर उतारू थीं।
पुलिस जांच में सामने आया कि महिलाओं के बीच विवाद आने-जाने वाले लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर हुआ था, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया।
शांति भंग की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों की कुल 05 महिलाओं को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। सभी के खिलाफ धारा 126/135/170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए विधिक प्रक्रिया जारी है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ऋषिकांत पतवाल, महिला उपनिरीक्षक अनीता शर्मा, महिला हेड कांस्टेबल शारदा राठी, महिला कांस्टेबल मुन्नी राणा और कांस्टेबल अर्जुन सिंह शामिल रहे।
