
शिवराज यादव / हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव की अस्थियां शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचीं, जहां वीआईपी घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ गंगा में उनका अस्थि विसर्जन किया गया। अस्थि विसर्जन कर्म में पत्नी अपर्णा यादव, दोनों बेटियां, योगगुरु स्वामी रामदेव, विधायक तेज प्रताप यादव, सांसद आदित्य यादव समेत परिवार के सदस्य और कई करीबी मौजूद रहे।
यादव परिवार के तीर्थ पुरोहित पंडित शैलेश मोहन ने वैदिक रीति-रिवाज के साथ अस्थि कर्म संपन्न कराया। इस दौरान परिवार के सदस्य भावुक नजर आए। सांसद आदित्य यादव ने अस्थि कर्म की रस्में निभाईं और मां गंगा से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
योगगुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि प्रतीक यादव का असमय निधन परिवार और करीबियों के लिए गहरी क्षति है। उन्होंने कहा कि प्रतीक यादव गौसेवा और सनातन परंपराओं से जुड़े हुए थे तथा उनका स्वभाव बेहद मिलनसार था। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
पंडित शैलेश मोहन ने बताया कि विधि-विधान के साथ अस्थि विसर्जन संपन्न कराया गया और मां गंगा से आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य और करीबी लोग भी मौजूद रहे।
