
शिवराज यादव / हरिद्वार। चारधाम यात्रा 2026 को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। हरिद्वार स्थित ऋषिकुल मैदान में बनाए गए यात्री पंजीकरण केंद्र पर तीसरे दिन कुल 2421 यात्रियों ने अपना पंजीकरण कराया।
रविवार को विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने अलग-अलग धामों के लिए पंजीकरण कराया। इनमें यमुनोत्री धाम के लिए 607, गंगोत्री धाम के लिए 610, केदारनाथ धाम के लिए 601 और बद्रीनाथ धाम के लिए 603 यात्रियों ने रजिस्ट्रेशन कराया। वहीं हेमकुंड साहिब के लिए तीसरे दिन कोई पंजीकरण दर्ज नहीं हुआ।
यात्रा के प्रति बढ़ती आस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले तीन दिनों में ऋषिकुल मैदान पंजीकरण केंद्र से कुल 4957 यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण करा लिया है।
प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए पंजीकरण केंद्र पर पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही है। आने वाले दिनों में पंजीकरण संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।
