
राजकुमार / हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में 758वें सालाना उर्स/मेला-2026 कि तैयारियों एवं सफल आयोजन के संबंध में जिला कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ उर्स मेले की व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
अपर जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि इस वर्ष 758वें सालाना उर्स का आयोजन 13/14 अगस्त 2026 से 03/04 सितम्बर 2026 तक किया जाएगा। चाँद दिखाई देने पर मेहंदी डोरी की रस्म के साथ उर्स का शुभारम्भ होगा तथा मुख्य आयोजन 24-25 अगस्त से 28-29 अगस्त तक संपन्न होंगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उर्स प्रारम्भ होने से पूर्व मेला क्षेत्र से सभी अवैध अतिक्रमण हटाए जाएं तथा श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में अपने-अपने कार्य पूर्ण करें। जिससे कि मेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले जायरीनों को किसी भी प्रकार से कोई दिक्कत/परेशानी के सामना न करना पड़े।
बैठक में उन्होंने अस्थायी कार्यालयों एवं चौकियों की स्थापना, जर्मन हैंगर, बैरिकेडिंग, अस्थायी दुकानों, विद्युत व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, पार्किंग, सफाई, पेयजल, चिकित्सा, अग्निशमन एवं सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश कार्यों की ई-निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है तथा शेष कार्यों की प्रक्रिया गतिमान है।
बैठक में पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा व्यवस्था, अस्थायी पुलिस चौकियों की स्थापना, भीड़ नियंत्रण, जल पुलिस एवं मोटर बोट की तैनाती, रेलवे एवं परिवहन विभाग द्वारा अतिरिक्त ट्रेनों, शटल बसों एवं पार्किंग व्यवस्था, नगर पंचायत पिरान कलियर द्वारा साफ-सफाई, जल संस्थान द्वारा पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सकों, एम्बुलेंस एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की व्यवस्था तथा अग्निशमन विभाग द्वारा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने पर भी चर्चा की गई।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उर्स के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग नियमित रूप से समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें,जिससे उर्स/मेला-2026 का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ ने उर्स मेले के आयोजन के संबंध में संबंधित विभागों द्वारा की जाने वाली तैयारियां एवं व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए सभी विभागों के अधिकारियों से की जानी वाली व्यवस्थाओं के संबंध में समय से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने की अपेक्षा की गई।
विधायक पिरान कलियर फुरकान अहमद ने कहा कि उर्स मेले के सफल आयोजन हेतु सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाए।
इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, आरटीओ प्रवर्तन कृष्ण चंद्र पलारिया, उप नगर आयुक्त रुड़की अमरजीत कौर, तहसीलदार विकास अवस्थी सहित पुलिस विभाग एवं संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
