
राजकुमार / हरिद्वार। थाना पथरी क्षेत्र के फूलगढ़ नाबालिग दुष्कर्म प्रकरण में हरिद्वार पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए पीड़िता को बहला-फुसलाकर जंगल तक ले जाने वाले तीन आरोपियों को पकड़ लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दो किशोर हैं, जिन्हें नियमानुसार संरक्षण में लिया गया है, जबकि एक वयस्क आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 की रात फूलगढ़ स्थित जंगल के पास एक युवक के साथ मारपीट और नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। इस मामले में पुलिस पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने 18 जुलाई को उन तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया, जिन्होंने पीड़िता को बहला-फुसलाकर जंगल तक पहुंचाया था।
पूछताछ में सामने आया कि पकड़े गए नाबालिग आरोपियों में से एक पिछले करीब एक वर्ष से पीड़िता के संपर्क में था। पुलिस इस पहलू की भी गहन जांच कर रही है।
गिरफ्तार वयस्क आरोपी की पहचान तनवीर (25 वर्ष), पुत्र मसकूर, निवासी ग्राम सुल्तानपुर, कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। दो नाबालिग आरोपियों को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।
इस कार्रवाई को थाना पथरी की पुलिस टीम ने अंजाम दिया, जिसमें महिला उपनिरीक्षक शाहिदा परवीन, हेड कांस्टेबल नारायण राणा, कांस्टेबल मुकेश चौहान, दीपक चौधरी, नारायण सिंह और राकेश नेगी शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है और विधिक कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
