
राजकुमार / हरिद्वार। सावन के पावन महीने में हरिद्वार पुलिस ने आमजन को बड़ी राहत देते हुए 205 खोए हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे। इन मोबाइल फोन की कुल बाजार कीमत 46 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में थाना सिडकुल पुलिस ने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
थाना सिडकुल परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में एसएसपी नवनीत सिंह एवं अन्य पुलिस अधिकारियों ने बरामद मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने हरिद्वार पुलिस की मेहनत, लगन और जनसेवा की भावना की सराहना की।
एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि “मोबाइल फोन अब आम से लेकर खास तक सभी के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। हमें खुशी है कि हम इतने बड़े स्तर पर लोगों को उनकी खोई हुई खुशियां वापस दिला पा रहे हैं।”
पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए मोबाइलों में सिडकुल स्थित औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत बाहरी राज्यों के कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों के मोबाइल भी शामिल हैं। थाना सिडकुल पुलिस ने इन मोबाइलों को उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से रिकवर किया।
थाना सिडकुल की उल्लेखनीय उपलब्धियां…
205 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद।
बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 46 लाख रुपये से अधिक।
मोबाइल रिकवरी के मामले में थाना सिडकुल जनपद और राज्य में अव्वल।
पिछले 11 महीनों में आठवीं बार बड़ी संख्या में मोबाइल रिकवर।
वर्ष 2026 में अब तक कुल 475 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि आमजन की खोई हुई संपत्ति को जल्द से जल्द वापस दिलाना उसकी प्राथमिकता है। इससे पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत होता है तथा भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा और कानून व्यवस्था बनाए रखने का कार्य जारी रहेगा।
बरामद मोबाइलों का विवरण…
iPhone – 4
Oppo – 38
Nothing – 15
Samsung – 35
Realme – 32
Mi – 12
Vivo – 44
OnePlus – 19
iQOO – 6
बरामदगी करने वाली टीम…
थानाध्यक्ष अजय शाह।
एसएसआई प्रवीण बिष्ट।
हेड कांस्टेबल विवेक यादव।
